नशा और मादक पदार्थों के तस्करी के खिलाफ की जाए प्रभावी कार्रवाई

 

नई टिहरी, 08 अगस्त (हि.स.)। नशा चऔर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़ा रूख अपनाते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने एनडीपीएस एक्ट से संबंधित अभियोग की प्रगति की समीक्षा के लिए एएनटीएफ और सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी हासिल की। एसएसपी ने थानों में दर्ज एनडीपीएस अभियोग, विवेचना की प्रगति, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, आरोप पत्रों की स्थिति, जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण की जानकारी ली।

बैठक में गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई, संपत्ति जब्ती और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा भी की गई। कई मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस संबंधित प्रकरणों की विवेचना में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी लंबित विवेचना का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। कहा कि जन प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी