गुरुकुल कांगड़ी की एनएसएस इंजीनियरिंग इकाई का सात दिवसीय शिविर

 


हरिद्वार, 21 मार्च (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इंजीनियरिंग इकाई-3 द्वारा गंगा योग न्यास, बैरागी कैंप में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन वैदिक यज्ञ के साथ संपन्न हुआ।

अंतिम दिवस का शुभारंभ प्रातः यौगिक क्रियाओं एवं ध्यान सत्र से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने हर घर यज्ञ अभियान के अंतर्गत मलिन बस्तियों के लोगों को जोड़ने, उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने और यज्ञ के प्रति जागरूक करने को वास्तविक सामाजिक सेवा बताया।उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा शिविर के दौरान किए गए विभिन्न परियोजना कार्यों और सामाजिक अभियानों की जानकारी प्राप्त की।

सांस्कृतिक सत्र में स्वयंसेवक विशाल कुमार सैनी और सौंबत्र जना ने वाद्य यंत्रों के साथ देशभक्ति और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर गंगा योग न्यास आश्रम के अध्यक्ष राकेश कुमार शास्त्री व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मयंक पोखरियाल मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार, एनएसएस समन्वयक डॉ. संगीता मदान ने भी शिविर के आयोजन पर शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला