16 से 18 नवंबर तक होगा पौड़ी शरदोत्सव, सांस्कृतिक संध्याओं में हेमा नेगी करासी और किशन महिपाल देंगे प्रस्तुति
पौड़ी गढ़वाल, 13 नवंबर (हि.स.)। नगर पालिका की ओर से 16 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले शरदोत्सव में खेल, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं की धूम रहेगी। शुक्रवार को नगरपालिका सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता 14 नवंबर से शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को रूट मार्च और झांकियों के साथ शरदोत्सव का शुभारंभ होगा। इस दौरान फोटोग्राफी व पेंटिंग प्रदर्शनी और स्थानीय शिक्षण संस्थानों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 17 नवंबर को मैराथन, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और पौड़ी के पर्यटन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से 'पौड़ी एक पहल' के तहत पर्यटन गोष्ठी आयोजित की जाएगी। शाम को उत्तराखंडी लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी।
वहीं, 18 नवंबर को वाद-विवाद, रस्साकशी, रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें लोकगायिका हेमा नेगी करासी, किशन महिपाल, रेशमा शाह और अमित सागर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा बेबी शो, म्यूजिकल चेयर, मेहंदी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पत्रकार वार्ता में ईओ संजय कुमार, सभासद दिनेश बिष्ट, सुमित्रा नेगी और सुमन सहित अन्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह