नशे में वाहन चलाना पड़ा भारी, चालक समेत छह गिरफ्तार

 


नैनीताल, 25 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत भवाली पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने उनके वाहन को सीज कर चालक सहित सभी छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार खैरना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान यूके04एएस-9619 वाहन को रोका गया। जांच में चालक विकास कुमार शराब के नशे में वाहन चलाता मिला, जबकि वाहन में सवार पांच अन्य लोग शोर-शराबा कर सार्वजनिक शांति को भंग कर रहे थे। ऐसे में सभी छह लोगों का गरमपानी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन सीज किया, जबकि अन्य पांच के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी