वनस्पति विज्ञान विभाग पहुंचे हिमालयी पारिस्थितिकी विशेषज्ञ डॉ. सामंत

 


नैनीताल, 22 मई (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय एलुमनी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध हिमालयी पारिस्थितिकी विशेषज्ञ, नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, रॉयल सोसाइटी ऑफ बायोलॉजी तथा लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन के फेलो डॉ. शेर सिंह सामंत ने शुक्रवार को डीएसबी परिसर स्थित वनस्पति विज्ञान विभाग का भ्रमण किया। विभाग की ओर से उनका शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

डॉ. सामंत ने विभाग के हर्बेरियम, ग्लास हाउस और गार्डन का निरीक्षण करते हुए शोध एवं संरक्षण गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। डॉ. सामंत ने वर्ष 1984 में इसी विभाग से वनस्पति विज्ञान में एमएससी तथा बाद में फ्लोरिस्टिक विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की थी। पूर्व में हिमालयन फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट शिमला के निदेशक रह चुके डॉ. सामंत के 400 से अधिक शोध प्रकाशन प्रकाशित हो चुके हैं।

इस अवसर पर प्रो. ललित तिवारी, डॉ. हेम जोशी, डॉ. नवीन पांडे, डॉ. हिमानी, डॉ. प्रभा पंत, विशाल बिष्ट, लता नितवाल और शीतल कोरंगा सहित विभाग के शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी