जनगणना के कार्य में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त:डीएम
पौड़ी गढ़वाल, 24 अप्रैल (हि.स.) जनगणना 2026 की तैयारियों व स्व-गणना की प्रगति की समीक्षा बैठक में डीएम ने जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को अब तक प्रदान किए गए प्रशिक्षण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, शुद्धता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को आयोजित बैठक में डीएम स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई तक संचालित किया जाएगा। जनपद में सीमांकन कार्य पूर्ण हो चुका है। डीएम ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण गंभीरता, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाए। हर प्रगणक एवं पर्यवेक्षक को प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप कार्य करने को कहा गया। कहा कि सभी प्रगणक 27 अप्रैल तक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कुल परिवारों की संख्या का आकलन कर उसकी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।
कहा कि जनगणना देश की योजना निर्माण प्रक्रिया का आधार है, इसमें आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सर्वोपरि है। बैठक में प्रभारी एडीएम दीक्षिता जोशी, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह