बोर्डिंग स्कूलों में सुविधाओं को बेहतर करने के डीएम ने दिए निर्देश

 


नई टिहरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने जिले के बोर्डिंग स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और दैनिक आवश्यकताओं को लेकर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम नितिका ने जिले के 7 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में कार्मिकों की उपलब्धता, पेयजल, छात्रावास, पुस्तकालय, भोजन और अन्य सुविधाओं पर चर्चा हुई।

सीईओ कमला बडवाल ने बताया कि अखोड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में वार्डन, प्रतापनगर विद्यालय में अकाउंटेंट का पद रिक्त है। नरेंद्रनगर के आमपाटा विद्यालय में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से टैंकर के जरिए आपूर्ति की जा रही है, जो पर्याप्त नहीं है। डीएम ने समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालयों में आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने, आमपाटा व रौतू की बेली सहित अन्य विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध कराने, खराब सोलर गीजर की मरम्मत उरेडा के अधिकारियों को निरीक्षण करने को कहा।

जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल में 541 जबकि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार में 216 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। दोनों विद्यालयों में कार्मिकों के रिक्त पदों सहित खेल मैदान, पेयजल, बाउंड्री वॉल और छात्रावास में फर्नीचर जैसी आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सभी विद्यालयों में नजदीकी पीएचसी और सीएचसी के संपर्क नंबर, आपातकालीन दवाइयां तथा भोजन कक्ष में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित स्कूलों के वार्डन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी