बोट हाउस क्लब के मानद सचिव बने डीके शर्मा
नैनीताल, 15 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल के प्रतिष्ठित बोट हाउस क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य डीके शर्मा को चौथी बार क्लब का मानद सचिव चुना गया है। वहीं जेएस सरना (शम्मी) को उपाध्यक्ष तथा मनीष सहगल (अनु) और नदीम अहमद खान (बॉबी) को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीके शर्मा इससे पहले वर्ष 2010-11, 2014-16 और 2017-21 के दौरान तीन कार्यकाल में क्लब के मानद सचिव रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने जून 2016 से सितंबर 2017 तक क्लब के अध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाला था। सचिव और अध्यक्ष दोनों पदों पर कार्य कर चुके शर्मा का मानद सचिव के रूप में यह चौथा कार्यकाल होगा।
बताया गया है कि क्लब की नौ सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए कुल 16 प्रत्याशियों ने नामांकन किये थे। इनमें से सात प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिये थे। इसके बाद हुए चुनाव में नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गये थे। इनमें से सुमित जेठी को 663, डीके शर्मा को 637, शैलेंद्र सिंह चौहान को 633, जेएस सरना को 626, नदीम अहमद खान को 624 और मनीष सहगल को 593, चौधरी धीर सिंह को 315, अखिल कुमार साह को 301 और शोएब अहमद को 293 मत मिले और सभी नौ प्रत्याशी निर्वाचित घोषित किये गये।
निर्वाचित सदस्यों में से डीके शर्मा को मानद सचिव, जेएस सरना (शम्मी) को उपाध्यक्ष तथा मनीष सहगल (अनु) और नदीम अहमद खान (बॉबी) को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी