पांच करोड़ से अधिक की निर्माण परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा, समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश
नैनीताल, 11 अगस्त (हि.स.)। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार में निर्माण विंग एवं उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कुमाऊं मंडल में पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में आ रही तकनीकी, प्रशासनिक और अन्य बाधाओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मंडल में ऐसे 52 निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनमें अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं। इनमें से जनपद ऊधम सिंह नगर में सात, चंपावत में 15, नैनीताल में सात, अल्मोड़ा में छह, बागेश्वर में एक और पिथौरागढ़ में पांच कार्य निर्माणाधीन हैं। समीक्षा में राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल का विस्तार, केंद्रीय कारागार एवं संपूर्णानंद शिविर सितारगंज, काठगोदाम बस टर्मिनल, मेट्रोपोल होटल परिसर में सतही पार्किंग, रामनगर बस टर्मिनल एवं बस डिपो, सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान, राजकीय पॉलीटेक्निक गरुड़ व गणाई गंगोली सहित विभिन्न राजकीय पॉलीटेक्निक, टनकपुर में अंतरराज्यीय बस अड्डा, रोडवेज बस टर्मिनल-डिपो एवं कार्यशाला भवन, चंपावत और लोहाघाट के अग्निशमन केंद्र, टनकपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, पिथौरागढ़ बेस चिकित्सालय, बेरीनाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परीक्षा भवन सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई।
बताया गया कि एक कार्य वन भूमि हस्तांतरण तथा एक मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण प्रभावित है। खेल शाखा के चार कार्यों में से तीन भी गतिमान हैं। आयुक्त ने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में पेयजल निगम के मुख्य अभियंता आलोक कुमार, निर्माण एवं पेयजल निगम के महाप्रबंधक अनुज पांडे, अल्मोड़ा के अधीक्षण अभियंता संदीप कश्यप, ऊधम सिंह नगर के मनीष करारा, हल्द्वानी के एके कटारिया, अर्थ एवं संख्या संयुक्त निदेशक राजेंद्र तिवारी, रुद्रपुर के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी, हल्द्वानी के एसपी बडोनी, खेल इकाई के परियोजना प्रबंधक रविंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी