बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिलेभर में चलाया जागरूकता अभियान

 


नई टिहरी, 27 नवंबर (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में जिलेभर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जन जागरूकता रैली, शपथ कार्यक्रम कर इसे कुरीति को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया गया। शुक्रवार को सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने बाल विवाह जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नई टिहरी शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकाली गई। जिसमें विभागीय कर्मचारियों के साथ आईटीआई नई टिहरी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। उन्होंने समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध जागरूक किया।

सीडीओ अग्रवाल ने अधिकारी-कर्मचारियों सहित छात्रों को बाल विवाह की रोकथाम और इसके उन्मूलन की शपथ भी दिलवाई। पीजी कॉलेज नई टिहरी में उक्त विषय पर सेमिनार किया गया। जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दयाराम ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, अधिवक्ता राजपाल मियां ने पॉक्सो एक्ट के बारे में बताया।

डीपीओ संजय गौरव, प्राचार्य डॉ. प्रीती कुमारी ने बाल विवाह के प्रतिकूल प्रभावों को देखते हुए इसकी रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आने का आह्वान किया। इस मौके पर विनीता, मिशन शक्ति कोऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल, रजनी लखेड़ा, पूनम नकोटी, सौरभ रावत, नवीन पंवार, विकास शाह, सचिन गैरोला, अखिल नकोटी, हिमांशु मौजूद थे।

इधर, कीर्तिनगर में सीपीडीओ नीतू बधानी के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम किया गया। कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति खत्म करने के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। इस मौके पर सुपरवाइजर ललिता, मंजू, सुमित्रा, मीना, किरण मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी