जिला पंचायत कार्यालय के औचक निरीक्षण में कई कमियां सामने आईं,जांच के निर्देश
नैनीताल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय नैनीताल का औचक निरीक्षण किया। विकास योजनाओं, वित्तीय प्रकरणों, नक्शा स्वीकृति, कर वसूली, परिसंपत्तियों और कार्यालयीय व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान सामने आई कमियों पर उन्होंने संबंधित प्रकरणों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार निरीक्षण में वर्ष 2021-22 से विभिन्न मदों में प्राप्त करीब 17 से 18 करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। जिला योजना, सांसद निधि और विधायक निधि से प्राप्त धनराशि के उपयोग का विस्तृत विवरण भी मांगा गया।
नक्शा स्वीकृति से संबंधित कुछ पत्रावलियों में तिथियों, हस्ताक्षरों, शुल्क जमा होने के अभिलेख और रसीदों में कमियां मिलीं। इस पर जांच के निर्देश दिए गए। जांच पूरी होने तक कनिष्ठ अभियंता सहित तीन कार्मिकों को अन्य कार्यालय में संबद्ध करने के लिए जिलाधिकारी से अनुमति लेने की बात कही गई।
निरीक्षण के दौरान डिस्पैच रजिस्टर में कुछ प्रविष्टियां किए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई। कनिष्ठ और वरिष्ठ अभियंताओं से संबंधित 50 से 55 पत्रावलियां कार्यालय से बाहर हल्द्वानी स्थित आवास पर रखे जाने का मामला भी सामने आया। उन्होंने सक्षम अनुमति के बिना शासकीय अभिलेख कार्यालय से बाहर रखे जाने को अनुचित बताते हुए जांच के निर्देश दिए।
उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति और अवकाश अभिलेखों की समीक्षा के साथ बायोमीट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का भी पुनरीक्षण करने को कहा। जिला पंचायत की कर वसूली, पुरानी लीजों के नवीनीकरण, अवैध निर्माण और बिना पंजीकरण संचालित होम स्टे के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा कूड़ा निस्तारण, सड़कों की स्थिति, गड्ढे भरने, निर्माण कार्यों की प्रगति और उपनल से कार्यरत कर्मचारियों की भूमिका की जानकारी ली गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण में सामने आए सभी बिंदुओं की विस्तृत रिपोर्ट दो घंटे के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समग्र रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. मुकेश नेगी, पटवारी भीमताल हेम जोशी समेत संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी