जिला बार चुनाव: अध्यक्ष अरुण और सचिव बने संजय
नैनीताल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, जिसमें अध्यक्ष पद पर अरुण सिंह बिष्ट, सचिव पद पर संजय सुयाल तथा उपाध्यक्ष पद पर कमल चिलवाल विजयी घोषित हुए। मतदान प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चला और मतगणना के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला ने परिणाम घोषित किए।
अध्यक्ष पद पर अरुण सिंह बिष्ट को 96 मत प्राप्त हुए, जबकि नीरज साह को 88 और हरिशंकर कंसल को 71 मत मिले। सचिव पद पर संजय सुयाल को 130 मत मिले और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिल सिंह बिष्ट को 124 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर कमल चिलवाल ने 152 मत हासिल कर विजय दर्ज की, जबकि प्रमोद तिवारी को 98 मत मिले।
चुनाव में 300 से अधिक पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 257 ने मतदान किया। परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ता हित में कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
संयुक्त सचिव पद पर नीरज गोस्वामी तथा कार्यकारिणी सदस्य के चार पदों पर तारा आर्या, प्रेमा आर्या, निर्मल कुमार और मोहम्मद बिलाल का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। कार्यकारिणी का एक पद जिला न्यायाधीश की संस्तुति से भरा जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया में सह-निर्वाचन अधिकारी प्रमोद बहुगुणा, शंकर चौहान, मुकेश चंद्र, शिवांशु जोशी व बार क्लर्क आनंद कुमार का सहयोग रहा। चुनाव के दौरान कुछ अधिवक्ता मतदान से वंचित रहे, जिनमें अप्रैल 2025 के बाद पंजीकृत अधिवक्ता तथा शुल्क जमा न करने वाले अधिवक्ता शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी