जिला बार एसोसिएशन का चुनाव कार्यक्रम घोषित, 30 मार्च को मतदान
नैनीताल, 16 मार्च (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन नैनीताल की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम सोमवार को घोषित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश चंदोला के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत 23 और 24 मार्च को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन प्रपत्रों की बिक्री होगी।
25 और 27 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, जबकि 28 मार्च को दोपहर 1 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच के साथ मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए मतदान 30 मार्च को होगा तथा उसी दिन मतगणना के बाद सायंकाल परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। सहायक चुनाव अधिकारी प्रमोद बहुगुणा, शंकर चौहान और मुकेश चंद्रा के अनुसार सदस्यता शुल्क और अन्य देयकों के भुगतान की अंतिम तिथि 19 मार्च निर्धारित की गयी है, जिसके बाद 28 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी