धामी सरकार की योजनाओं से बदली कोटाबाग की भावना देवी की जिंदगी
नैनीताल, 27 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में नई संभावनाएं पैदा कर रही हैं। नैनीताल जनपद के कोटाबाग विकासखंड के गिन्ती गांव निवासी भावना देवी इसकी प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आयी हैं।
“नई किरण समूह” से जुड़ी गिन्ती गांव निवासी भावना देवी पत्नी दोसरी लाल ने संगठन एवं सीएलएफ स्तर पर व्यक्तिगत उद्यमिता को अपनाते हुए आरईएपी योजना के अंतर्गत लगभग 19 हजार 500 रुपये की सहायता प्राप्त कर बकरी पालन का कार्य प्रारम्भ किया। वर्तमान में उनका यह कार्य के अंतर्गत सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।
भावना देवी ने बताया कि उन्होंने प्रारम्भ में 10 बकरियों की इकाई स्थापित की थी। मेहनत एवं लगन के बल पर उन्होंने इस इकाई को बढ़ाकर अब 22 बकरियों तक पहुंचा दिया है। इस दौरान उन्होंने कुछ बकरियों की बिक्री कर लगभग 32 हजार रुपये की आय भी अर्जित की है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। आज भावना देवी न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन गयी हैं।
उनकी सफलता से यह स्पष्ट हो रहा है कि राज्य सरकार की योजनाएं ग्रामीण स्तर पर प्रभावी बदलाव ला रही हैं तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही हैं। यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन, सरकारी सहयोग एवं आत्मविश्वास के बल पर कोई भी व्यक्ति अपनी परिस्थितियों को बदल सकता है। भावना देवी की यह पहल उत्तराखंड में “वोकल फॉर लोकल” तथा आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी