कैंचीधाम मेले में केवल शटल वाहनों से जा सकेंगे श्रद्धालु

 


नैनीताल, 09 जून (हि.स.)। आगामी 15 जून को बाबा नीब करौरी महाराज के सुप्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक कैंचीधाम मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर परिसर स्थित सभागार में मंगलवार को बैठक आयोजित की गयी।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मेले के दिन आपातकालीन वाहनों को छोड़कर भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर अन्य वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए हल्द्वानी, नैनीताल एवं भीमताल से शटल सेवा संचालित की जाएगी तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों से मंदिर तक नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध रहेगी। मार्ग पर अवैध पार्किंग और भंडारों की अनुमति नहीं होगी। पार्किंग स्थलों पर पेयजल, विद्युत प्रकाश और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।

नगर पालिका भवाली और जिला पंचायत को समन्वय के साथ स्वच्छता व्यवस्था संभालने, पर्याप्त सफाई कर्मी तैनात करने तथा मोबाइल शौचालय स्थापित करने के निर्देश दिये गये। मंदिर परिसर और मार्गों से प्रतिदिन कम से कम तीन बार कूड़ा उठान किया जाएगा।

बैठक में जल संस्थान को विभिन्न स्थानों पर पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने तथा सभी शौचालयों में 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि मेले के दौरान तीन दिनों तक चिकित्सा दल दो एम्बुलेंस के साथ तैनात रहेगा।

विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने, वन विभाग को शिप्रा नदी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा पैदल मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, सहायता केंद्र और अग्निशमन दल की तैनाती भी की जाएगी। बैठक में मंदिर समिति के ट्रस्टी मंजुल कुमार जोशी, प्रदीप साह, उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य, उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक, दिव्यांशु, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी