डेंगू के तीन नए मामले, प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में चलेगा विशेष अभियान
हल्द्वानी , 15 अक्टूबर (हि.स.)। बरसात के बाद धूप और उमस के बीच हल्द्वानी में डेंगू के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। ताजा जांच रिपोर्ट में तीन लोगों के डेंगू संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी, फॉगिंग, छिड़काव और साफ-सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने नागरिकों से घरों और आसपास साफ पानी जमा न होने देने की अपील की है, ताकि डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोका जा सके। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि डेंगू की स्थिति पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। हाल ही में प्राप्त जांच रिपोर्ट में तीन लोगों के संक्रमित होने की जानकारी मिली है।
इनमें एक मरीज छड़ायल, दूसरा आजाद नगर-बनभूलपुरा और तीसरा काठगोदाम क्षेत्र का बताया गया है। इन मामलों को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम को प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को भी माइक्रो लेवल पर जरूरी कार्रवाई करने और स्थिति पर निगरानी रखने को कहा गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि बारिश के बाद दिन में तेज धूप निकलने से कई स्थानों पर पानी जमा रह सकता है, जिससे मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं। ऐसे में अगले कुछ सप्ताह लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता