जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. डोभाल को यथावत रखने की मांग

 

नई टिहरी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिला अस्तपाल बौराड़ी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश डोभाल को यथावत रखने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। बताया कि महज दो माह के भीतर डॉ. डोभाल की जगह किसी अन्य डॉक्टर को सीएमएस पद पर तैनाती की गई है। जबकि वह अस्पताल की सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए कार्य कर रहे थे। यूकेडी ने जनहित में उनका स्थानांतरण रोकने की मांग की है।

यूकेडी के नगर अध्यक्ष मनीष सकलानी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि जिला अस्पताल बौराड़ी में डॉक्टर सहित अनेक समस्याएं लंबे समय से चली आ रही हैं। इस बीच सरकार ने नई टिहरी निवासी डॉ. बृजेश डोभाल को दो माह पूर्व सीएमएस की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके आने के बाद से ओपीडी की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं अस्पताल की सेवाएं भी लगातार अच्छी होने लगी है। लेकिन अचानक से सरकार ने यहां किसी अन्य डॉक्टर को सीएमएस बनाने के आदेश जारी किए हैं।

यूकेडी ने डॉ. डोभाल को यथावत सीएमएस बनाए रखने की मांग की है। बताया कि स्थानीय होने के नाते उन्हें यहां की भौगोलिक और सामाजिक स्थिति का पूरा आकलन है। यदि उनका स्थानांतरण नहीं रोका गया तो पार्टी जन आंदोलन शुरू करेगी।

ज्ञापन देने वालों में नगर उपाध्यक्ष पवन चमोली, यशोदा चमोली, जिला संगठन मंत्री उत्तरांचली नेगी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी