दधीचि देहदान समिति लोगों को नेत्र व देहदान के लिए कर रही जागरूक
देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। दधीचि देहदान समिति की ओर से देहरादून में नेत्र, अंग एवं देहदान के प्रति लोगों में लगातार जागरूक किया जा रहा है। समिति के अनुसार शहर में संकल्प लेने वालों की संख्या में निरंतर इजाफा हो रहा है और लोग स्वेच्छा से आगे आकर इस पुनीत कार्य से जुड़ रहे हैं।समिति के अनुसार कोल्हूपानी नंदा की चौकी निवासी अरविंद शर्मा एवं उनकी पत्नी शरबती शर्मा ने अंग और देहदान का संकल्प लिया है। वहीं पैसिफिक गोल्फ स्टेट सहस्रधारा रोड निवासी ललित कुमार वाधवा ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर यह संकल्प लिया।इसके अलावा अवकाश प्राप्त प्राचार्य रश्मि कुलश्रेष्ठ, सीडीए एयरफोर्स से सेवानिवृत्त महेश चंद खुराना, माजरी माफी निवासी पंकज जोशी एवं उनकी पत्नी मुन्नी जोशी तथा सीमाद्वार निवासी जयचंद्र वर्मा ने भी नेत्र, अंग और देहदान का संकल्प लिया।समिति ने बताया कि आगामी श्राद्ध पक्ष के दौरान पंचम दधीचि यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान, अंगदान और देहदान के लिए प्रेरित करना तथा समाज में इस विषय के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय