यमुनोत्री धाम में उमड़ी कांवड़ यात्रियों की भीड़
उत्तरकाशी, 09 अगस्त (हि.स.)। सावन के दौरान यमुनोत्री धाम में कांवड़ यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री यमुनोत्री पहुंचकर यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं और पवित्र जल भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। लेकिन धाम में स्नान घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से श्रद्धालुओं को जोखिम के बीच नदी में उतरना पड़ रहा है।
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा होने और नदी का बहाव तेज होने के बावजूद कांवड़ यात्री नदी में उतरकर स्नान कर रहे हैं। स्नान घाट पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, रस्सियों आदि की व्यवस्था नहीं होने से हादसे की आशंका बनी रहतिब है। श्रद्धालु आस्था के चलते उबड़ खाबड़ पत्थरों के बीच नदी में डुबकी लगा रहे हैं और कांवड़ में जल भर रहे हैं।
कांवड़ यात्रियों का कहना है कि यमुनोत्री धाम जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थल पर सुरक्षित स्नान घाटों का निर्माण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि यमुना के स्नान घाटों को सुरक्षित स्नान के लायक बनाना जाय ताकि आस्था के बीच किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल