नंदा देवी एक्सप्रेस से महिला लापता, लक्सर स्टेशन के बंद सीसीटीवी ने खड़े किए बड़े सवाल

 

हरिद्वार, 07 मई (हि.स.)। चारधाम यात्रा के बीच रेलवे सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंद गौरी एक्सप्रेस ट्रेन से 29 वर्षीय महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया।

घटना के 36 घंटे बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जबकि परिजनों ने लक्सर रेलवे स्टेशन पर लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरों के बंद होने का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित मछलियां रोड निवासी प्रज्ञा सिंह अपने पति मनीष सिंह के साथ केदारनाथ यात्रा से लौट रही थीं। दोनों 5 मई 2026 को देहरादून से नंद गौरी एक्सप्रेस में सवार होकर गाजियाबाद जा रहे थे। महिला के भाई विभूम विश्नोई और जेठ दीपक अग्रेही व अन्य परिजन आकाश गुप्ता आदि ने बताया कि रात करीब 12 बजे बहादुरपुर आउटर और लक्सर रेलवे क्षेत्र के बीच अचानक प्रज्ञा सिंह ट्रेन से लापता हो गईं। उन्होंने बताया कि प्रज्ञा के मोबाइल फोन की लास्ट लोकेशन लक्सर के आस पास मिली है।

महिला के अचानक गायब होने से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। पति और परिजनों ने ट्रेन में काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने रेलवे ट्रैक, आसपास के इलाके, होटल और अस्पतालों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।

मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब रेलवे स्टेशन पर लगे ब्ब्ज्ट कैमरों की जांच की गई। परिजनों का आरोप है कि स्टेशन पर लगे अधिकांश कैमरे बंद पड़े मिले, जिसके चलते महिला की गतिविधियों से जुड़ा कोई अहम फुटेज नहीं मिल पाया। इस पर महिला के परिजनों की स्टेशन अधीक्षक केआर मीना से बहस हो गई। परिजनों ने सवाल उठाया कि चारधाम यात्रा के दौरान जब हजारों श्रद्धालु रोजाना रेलवे मार्ग से सफर कर रहे हैं, तब स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था आखिर भगवान भरोसे क्यों छोड़ी गई है।

परिजनों का कहना है कि यदि कैमरे चालू होते तो महिला की तलाश में बड़ी मदद मिल सकती थी। उनका आरोप है कि रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों की लापरवाही के कारण महत्वपूर्ण सुराग हाथ से निकल गए।

उधर लक्सर सीओ ने बताया कि महिला की गुमशुदगी दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला की तलाश के लिए टीमें लगातार जुटी हुई हैं। रेलवे स्टेशन और आसपास के उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा हर संभावित पहलू पर जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला