हरिद्वार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 07 मई (हि.स.)। हरिद्वार वन विभाग की टीम ने वन्यजीव तस्करी और अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के कब्जे से संरक्षित वन्यजीव बिज्जू (एशियन पाम सिवेट) का शव, धारदार हथियार और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें आज जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग को बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिड़ियापुर रेंज क्षेत्र में अवैध रूप से वन्यजीव का शिकार किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। चिड़ियापुर रेंजर महेश शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने सबलगढ़ कक्ष संख्या 6 बी, एनएच-34 क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया।

इसी दौरान नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। वन कर्मियों को देखकर बाइक सवार मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपितों की पहचान पंकज और सौरभ निवासी चंडीघाट, सपेरा बस्ती के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान इनके पास मौजूद काले रंग के बैग से संरक्षित प्रजाति के बिज्जू का शव बरामद हुआ। इसके अलावा लोहे के दो धारदार हथियार और खून के धब्बों वाली कमीज भी बरामद की गई। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

वन विभाग की टीम ने आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया। बाद में दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी सूरत में अवैध शिकार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी वन्यजीव अपराध की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कार्रवाई टीम में चिड़ियापुर रेंजर महेश शर्मा, वन दरोगा गौतम राठौर, धर्मपाल सिंह रावत, वन आरक्षी नवल पाठक, सुनील कुमार, रमेश और अमित कुमार शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला