फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे
हरिद्वार, 04 मई (हि.स.)। घर में घुसकर जान से मारनी की नीयत से फायरिंग करने के दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक 25 अप्रैल को दिलशाद पुत्र सगीर निवासी ग्राम पाडली गुर्जर, कोतवाली गंगनहर, रुड़की द्वारा थाना गंगनहर में तहरीर देकर बताया कि 19 अप्रैल की मध्य रात्रि को उसके घर पर सौरभ उर्फ बल्ली, विपुल, दक्ष, प्रणव, शोएब आदि 06 व्यक्तियों द्वारा उसके पुत्र सुहेल उर्फ टिटला को जान से मारने की नियत से फायरिंग की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी रूडकी व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया। टीम ने घटनास्थल व डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर पनियाला मुर्गी फार्म तिराहे के पास से सौरभ उर्फ बल्ली पुत्र संजय, निवासी डिफेंस कॉलोनी, कोतवाली रुड़की को एक देसी तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस के साथ हिरासत में लिया गया।
पकड़े गये आरोपित की निशानदेही पर घटना स्थल से 02 खोखा कारतूस बरामद किए गए, बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। साथ ही दूसरे आरोपी शोएब पुत्र हाजी राव, निवासी ढंडेरा, कोतवाली रुड़की को रेलवे अण्डर पास से दबोच लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला