चोरी का अनोखा मामला : जिस घर से सरसों चोरी, वहीं बेचने पहुंचे चोर

 


हरिद्वार,24 अप्रैल (हि.स.)। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के सुनहेटी गांव से एक हैरान करने वाला चोरी का मामला सामने आया है। यहां कुछ दिन पहले हुई सरसों चोरी की घटना में तब चौंकाने वाला मोड़ आया,जब कथित चोर उसी घर में सरसों बेचने पहुंच गए,जहां से चोरी की गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,गांव के एक किसान के यहां हाल ही में सरसों की चोरी हुई थी। मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि दो युवक उसी इलाके में सरसों बेचने के लिए पहुंच गए। संयोगवश जब वे उसी घर में पहुंचे,जहां चोरी हुई थी तो घरवालों को उन पर शक हो गया।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दोनों युवकों की पहचान चोरी की घटना में शामिल संदिग्धों के रूप में हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया,जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया।

पकड़े गए युवक को कुछ लोगों ने पेड़ से बांधा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया,जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद गांव में तनाव का माहौल है। वीडियो फैलने के बाद ग्रामीणों को अपनी कार्रवाई का भय सताने लगा,जिसके चलते उन्होंने आरोपी युवक को छोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार पकड़ा गया युवक पास के मौलना गांव का निवासी बताया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है,ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेना भी अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में खुद कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला