सड़क सुरक्षा पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा अभियान
हरिद्वार, 11 मई (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नेशनल हाईवे स्थित शंकराचार्य चौराहे पर बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनाए गए व भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग जीवन रक्षा के लिए बेहद जरूरी है।यातायात नियमों के उल्लंघन में हरिद्वार पुलिस द्वारा जब्त किए गए रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का भी नियमानुसार विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे वाहनों में ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ती है।
इसके अलावा पुलिस मुख्यालय द्वारा यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपलब्ध कराई गई 07 मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोटरसाइकिलों के माध्यम से पुलिस किसी भी सूचना पर तेजी से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकेगी।
हरिद्वार पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ताकि सभी सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। कार्यक्रम में एसपी क्राइम, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ कनखल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला