नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 17 मई (हि.स.)। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार काे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 मई को ग्राम पूरणपुर साल्हापुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ राहुल निवासी ग्राम दाबकी कला, लक्सर द्वारा दुष्कर्म किया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही आरोपित की तलाश में सुरागरसी और पतारसी शुरू की। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद नामजद आरोपी राहुल पुत्र अमरजीत निवासी दाबकी कला, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला