डेढ़ साल के मासूम का हत्यारा इनामी कलयुगी पिता गिरफ्तार
हरिद्वार, 20 मार्च (हि.स.)। जनपद की मंगलौर पुलिस को एक सनसनीखेज हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। डेढ़ साल के मासूम बच्चे की हत्या के आरोपित में फरार चल रहे आरोपी सौतेले पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर 5 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
मंगलौर निवासी एक महिला ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत देते हुए पति फैजान पर अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे की हत्या का आरोप लगाया था। महिला ने बताया कि फैजान बच्चे का सौतेला पिता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कोतवाली मंगलौर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी गई, लेकिन आरोपी बार-बार ठिकाना बदलकर फरार होता रहा। इसके बाद एसएसपी हरिद्वार ने आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित किया।
गठित पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर छापेमारी करते हुए आखिरकार आज आरोपित फैजान को जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
ऐसे की मासूम की हत्या
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित के महिला के साथ पहले से प्रेम संबंध थे। महिला के पति की मृत्यु के बाद आरोपित ने उससे शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों के बीच छोटी-मोटी बातों को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। साथ ही महिला के पहले पति से हुए बच्चे की जिम्मेदारी को लेकर भी आरोपित परेशान रहता था।
बताया गया कि 17 फरवरी को बच्चा लगातार रो रहा था। आरोपित ने उसे चुप कराने की कोशिश की, लेकिन जब बच्चा चुप नहीं हुआ तो गुस्से में पहले उसे थप्पड़ मारे और बाद में उसकी छाती पर लात मार दी, जिससे बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित बच्चे के शव को बिस्तर पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला