लावारिस लाश की तहकीकात में खुला हत्या का राज
हरिद्वार, 26 मार्च (हि.स.)। मायादेवी मंदिर पार्किंग क्षेत्र में मिली एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या के मामले का हरिद्वार पुलिस ने मात्र 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह है कि मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है, लेकिन उसे न्याय दिलाने के लिए पुलिस खुद वादी बनकर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 25 मार्च को स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि मायादेवी मंदिर पार्किंग में दो लोगों के बीच झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
पुलिस टीम घायल को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। ऐसे में पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराते हुए स्वयं वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपित की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाते हुए ललतारौ पुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजीव पुत्र नरेश निवासी सिरसी रहमतपुर थाना मैनाढेर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश), उम्र करीब 20 वर्ष बताया।
आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले करीब 15 दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। घटना वाले दिन दोनों ने साथ में शराब पी थी और पेड़ के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान मृतक ने उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की।
कई बार मना करने के बावजूद जब वह नहीं माना तो आरोपित ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर 2-3 वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसका चालान कर दिया है। मृतक की पहचान कराने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला