बंटवारे के विवाद में सास-बहू भिड़ीं, रिश्तेदारों के कूदने से बढ़ा बवाल, नौ गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 03 जून (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के लादपुर गांव में संपत्ति के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ सास-बहू का विवाद देखते ही देखते बड़े झगड़े में बदल गया। दोनों पक्षों के रिश्तेदार भी आमने-सामने आ गए और गांव में हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गांव में दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने से सार्वजनिक शांति प्रभावित हो रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने झगड़ा कर रहे लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उनका चालान कर दिया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में इकबाल, वरीश, हारीश, वसीम निवासी कान्हापुर रुड़की, अब्दूला निवासी लादपुर, फारूक निवासी एकड़ खुर्द तथा शौकीन, शमशाद और मुजस्सम निवासी लादपुर शामिल हैं।

उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि लादपुर गांव में पारिवारिक बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। सार्वजनिक शांति भंग करने वाले नौ लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

कोतवाली लक्सर पुलिस टीम में उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल शूरवीर सिंह तोमर, हेड कांस्टेबल मनोज मीनान, कांस्टेबल कपिल देव और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला