महिला से सामूहिक दुष्कर्म में होटल मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार

 

हरिद्वार, 02 मार्च (हि.स.)। पति से मिलने हरिद्वार आई एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस ने होटल मैनेजर सहित तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनाें काे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीडि़ता उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की रहने वाली है और उसका पति हरिद्वार स्थित सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत है। महिला शनिवार देर शाम अपने पति से मिलने हरिद्वार पहुंची थी। आरोप है कि बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी पर ले जाकर महिला को एक कार में बैठा दिया गया।

बताया जा रहा है कि कार चालक महिला को शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पीछे-पीछे पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि होटल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। महिला ने शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर तीनाें आरोपिताें को नहर पटरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपिताें में एक नहटौर (बिजनौर) का निवासी और वह वर्तमान में सराय ज्वालापुर के श्रीराम एन्क्लेव में रह रहा है। दूसरा ज्वालापुर के शास्त्रीनगर कड़च्छ क्षेत्र का निवासी है, जबकि तीसरा आरोपित होटल मैनेजर है, जो मूल रूप से कुंदरकी (मुरादाबाद) का रहने वाला है और फिलहाल हरिद्वार में रह रहा था।

नगर कोतवाली पुलिस ने वारदात वाले गेस्ट हाउस और उसके आसपास संचालित हो रहे होटलों की भी जांच की गई। पुलिस ने सात होटल संचालकों को करीब 23 घंटे तक हिरासत में रखकर पूछताछ की। इस दौरान होटल रजिस्टर, ग्राहकों की आईडी, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला