जमीन की धोखाधड़ी से जुड़े मामले में एक और गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 04 जून (हि.स.)। जनपद के रुड़की क्षेत्र में भूमि रजिस्ट्री से संबंधित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जमीन की धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि अपने खाते में लेने के आरोप में वांछित चल रहे आरोपित इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक, 19 दिसंबर 2024 को सराय ज्वालापुर निवासी संजीव कुमार ने कोतवाली रुड़की में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में रणबीर, इस्लाम तथा अजय उर्फ पिंकू पर भूमि रजिस्ट्री में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी को सौंपी गई थी। जांच के दौरान आरोपित रणबीर पुत्र कंवरपाल निवासी पीतपुरा, थाना लक्सर तथा अजय उर्फ पिंकू पुत्र राजकुमार निवासी पीतपुरा, थाना लक्सर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

शेष वांछित आरोपित की तलाश में गठित पुलिस ने 4 जून को इस्लाम पुत्र अख्तर निवासी मुस्तफाबाद उर्फ पदार्थ, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही कर उसका चालान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला