कोर्ट के आदेश पर फर्जी चेक देकर ठगी के आरोप में मुकदमा दर्ज

 

-कमेटी के 5.80 रुपये लौटाने के नाम पर दिए थे फर्जी चेक

हरिद्वार, 03 जून (हि.स.)। न्यायालय के आदेश पर पथरी पुलिस ने फर्जी चेक देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला धनपुरा गांव में कमेटी के रुपये हड़पने का है।

धनपुरा निवासी सलीम पुत्र मीरहसन ने बताया कि उसने गांव के ही राजा उर्फ वकील पुत्र नसीम के पास 10 हजार रुपये मासिक की कमेटी डाल रखी थी। कमेटी के कुल 5 लाख 80 हजार रुपये आरोपी पर बकाया थे। आरोप है कि भुगतान के लिए आरोपी ने 2.90-2.90 लाख रुपये के दो चेक दिए।

आरोप है कि जब वह चेक बैंक में लेकर पहुंचा तो बैंक अधिकारियों ने दोनों चेकों को फर्जी और कूटरचित बताया। आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर ठगी की नीयत से फर्जी चेक दिए थे।

सलीम ने पहले थाना पथरी और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पथरी थाना पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ वकील के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर राजा उर्फ वकील के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला