सीनियर ड्रग्स इंस्पेक्टर भारती देहरादून मुख्यालय अटैच

 


हरिद्वार, 01 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार में तैनात सीनियर ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती को देहरादून मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। यह कार्रवाई हाल ही में वायरल हुई व्हाट्सएप चैट और उन पर कांग्रेस नेता द्वारा लगाए लगे गंभीर आरोपों के बाद की गई है।

उत्तराखंड के ड्रग्स कंट्रोलर ताजभर जग्गी के मुताबिक 30 मार्च को अनीता भारती को देहरादून मुख्यालय से अटैच किया गया है। उनके स्थान पर असिस्टेंट ड्रग्स कंट्रोलर सुधीर को हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक फार्मा कंपनी के मालिक ने आरोप लगाया था कि लाइसेंस के बदले उनसे पैसे की मांग की गई। इस आरोप के समर्थन में उन्होंने व्हाट्सएप चैट भी दिखाई थी, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इससे पूर्व अनीता भारती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने पर कांग्रेसी नेता कैश खुराना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

मामले के तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन यह कदम उठाया है। विभाग का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला