गौकशी में महिला गिरफ्तार, 25 किलो गौमांस बरामद

 


हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रुड़की क्षेत्र में पुलिस ने गौकशी के मामले में एक महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मौके से करीब 25 किलो गौवंशीय मांस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार कोतवाली रुड़की को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जौरासी में गौकशी की गई है और उसका मांस घर में रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिफाकत के मकान पर दबिश दी।

दबिश के दौरान एक महिला को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि पांच आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से लगभग 25 किलो गौवंशीय मांस और कटान के उपकरण बरामद किए। बरामदगी के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है।

आरोपिता एक महिला निवासी ग्राम जौरासी, कोतवाली रुड़की, जिला हरिद्वार बतायी गयी है। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला