तीन कुंतल गौ मांस के साथ चार गिरफ्तार, एक फरार

 


हरिद्वार, 24 अप्रैल (हि.स.)। रानीपुर पुलिस और उत्तराखंड गौवंश स्क्वाड ने संयुक्त छापेमारी कर गौ-तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया,जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह ग्राम दादूपुर गोविन्दपुर में अकरम के घर पर छापा मारा। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से पशु कटान कर गौ-मांस का कारोबार किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान टीम ने चार लोगों को मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान अकरम (60),अजीम (22), आदिल (50) व नसरत (27) सभी आरोपित दादूपुर सलेमपुर,थाना रानीपुर क्षेत्र के निवासी हैं। कार्रवाई के दौरान मोसिन पुत्र अकरम पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 300 किलो गौ-मांस और अवैध पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला