नवाचार उत्पाद प्रतियोगिता में अंबिका अव्वल
पौड़ी गढ़वाल, 04 मई (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में ईको क्लब एवं मिशन लाइफ सेल द्वारा वेस्ट टू वेल्थ विषय पर रचनात्मक मॉडल, क्राफ्ट एवं नवाचार उत्पाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बेकार वस्तुओं से आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से पुनर्चक्रण, पुन उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने प्लास्टिक बोतलों, पुराने समाचार पत्रों, कार्डबोर्ड एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं से सजावटी एवं उपयोगी सामग्री तैयार की। प्रतियोगिता में अंबिका बिष्ट ने पहला, दुर्गा खंकरियाल ने दूसरा और अरीबा परवीन ने तीसरा स्थान हासिल किया।
आंचल सैनी व सीमा पंवार ने सांत्वना पुरस्कार हासिल किया। परिसर निदेशक प्रो उमेश चंद्र गैरोला ने शिक्षकों को ईको क्लब के तहत विभिन्न गतिविधियों एवं आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर ईको क्लब की सदस्य डा. किरन बाला, डा. गौतम, डा. अतुल सैनी, डा. नीलम नेगी, प्रो ए पांडेय, डा. अनिल दत्त, डा. सुरेखा आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह