जल्द शुरू किए जाएंगे ट्रैवल एंड टूरिज्म, एआई, डाटा साइंस, क्लाउड कंप्यूटिंग के काेर्स: कुलपति

 


नई टिहरी, 17 अगस्त (हि.स.)। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविखालय बादशाहीथाैल नई टिहरी अब पारंपरिक विषयों के अलावा अब ट्रैवल एंड टूरिज्म, एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता), डाटा साइंस जैसे कोर्स पर फोकस कर छात्र-छात्राओं को कौशल रूप से समृद्ध करने की कवायद में जुट गया है। डेटा साइंस, क्लाउड कंप्यूटिंग यदि पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध होगा तो यहां का बच्चा घर पर ही अत्याधुनिक कोर्स की डिग्री हासिल कर नौकरी और स्वरोजगार के लिए दक्ष होगा।

श्रीदेव सुमन विवि के नवनियुक्त कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने पत्रकार वार्ता उक्त बातें बताई। उन्हाेंने कहा कि इन कोर्स के लिए दूरस्थ क्षेत्र के बच्चे देहरादून, रूड़की, पंतनगर जैसे शहरों में जाकर लाखों रुपये खर्च करते हैं। लेकिन विवि का प्रयास रहेगा कि उन्हें कैंपस और अन्य कॉलेजों में शुरू किया जाए। खासकर एआई और डाटा साइंस में छात्रों का भविष्य उज्ज्वल है।

वर्तमान में विवि मुख्यालय में बीसीए के कोर्स संचालित कर रहे हैं। आगे एमसीए और एमबीए चलाने की भी प्लानिंग है। रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर कुलपति ने साफ किया कि बगैर मानव संसाधनों के आगे बढ़ना मुश्किल है। इसके लिए प्रपोजल शासन और राजभवन को भेजेंगे। विवि जल्द ही जर्मन विवि के साथ एमओयू करेगा। वहां की ऑग्सबर्ग यूनिवर्सिटी, हाइडलबर्ग सहित तीन-चार विवि को पत्र लिखा है।

विवि रिसर्च पर ध्यान दे रहा है। वहीं समर्थ पोर्टल ने परीक्षा संबंधित कार्यों, मूल्यांकन आदि को सुगम बना दिया है। लेकिन दिक्कत यह है कि अधिकांश शिक्षक अभी से समझ नहीं पाए हैं। जल्द ही संबद्ध कॉलेज, सेल्फ फाइनेंस संस्थान और कैंपस के शिक्षकों के साथ मिलकर मीटिंग और कार्यशाला की जाए। जिससे अंकतालिका संबंधित समस्याएं हल हो जांएगी। इन सभी मुद्दों के लिए फाइनेंस, एक्जीक्यूटिव कमिटी में सारे प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी