विश्व पर्यावरण दिवस पर पहल : कॉर्बेट में प्लास्टिक बोतलों पर लगेगा प्रतिबंध

 


रामनगर, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। कॉर्बेट प्रशासन ने अगले पर्यटन सीजन से पार्क के अंदर प्लास्टिक की पानी की बोतलों के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

इसके स्थान पर पर्यटकों को कांच की बोतलों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे प्लास्टिक प्रदूषण कम होगा और जंगल का प्राकृतिक वातावरण सुरक्षित रहेगा।

इसके तहत पर्यटकों से पानी और कांच की बोतल का शुल्क प्रवेश द्वार पर लिया जाएगा, सफारी पूरी होने के बाद यदि पर्यटक बोतल को सुरक्षित अवस्था में वापस जमा कर देते हैं, तो बोतल की निर्धारित राशि उन्हें लौटा दी जाएगी, इस व्यवस्था से न केवल कांच की बोतलों का पुनः उपयोग संभव होगा, बल्कि पर्यटक भी बोतलों को सुरक्षित रखने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि कॉर्बेट प्रशासन लंबे समय से पार्क क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रयासरत है। वर्तमान में कॉर्बेट के अधिकांश पर्यटन जोन प्लास्टिक मुक्त हो चुके हैं, और इस दिशा में विभाग को काफी सफलता मिली है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन के दौरान पर्यटकों को स्वच्छ पेयजल की आवश्यकता होती है, जिसके लिए वे आमतौर पर प्लास्टिक की बोतलों का उपयोग करते हैं। हालांकि इन बोतलों को पार्क से बाहर लाने और उनके उचित निस्तारण की व्यवस्था है, फिर भी प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी