हल्द्वानी में मंच शुद्धिकरणपर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताया आक्राेश
नई टिहरी, 14 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा समर्थकों द्वारा कथित गंगाजल छिड़काव, मंत्रोच्चारण और हवन के जरिए शुद्धिकरण किए जाने का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ता जा रहा है। उक्त के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह कर आक्रोश जताया।
शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश बर्तवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर बाजार में रैली निकालकर कथित शुद्धिकरण की घटना के खिलाफ आवाज बुलंद की। इसके बाद अंबेडकर प्रतिमा के नीचे बैठकर सत्याग्रह किया गया। जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल का इस प्रकार शुद्धिकरण करना सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना पर चोट है।
पीसीसी सदस्य श्यामलाल आर्य ने भाजपा पर पूरे दलित समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। अंकित सिंह और नीति राज ने भी भाजपा पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अर्जुन गोदियाल, राजेंद्र चंद, राजेंद्र बुटोला, करण, केशव, अतुल, प्रदीप थपलियाल, मोहन सिंह, सुनील कुमार, इंद्रमणि, अजय पाल, दिनेश भट्ट, दीपक, पुरुषोत्तम, किशन लाल, भगत राम, रविंद्र लिंगवान, गामा सिंह, वीरेंद्र सिंह राणा, बुद्धि राम, अमर सिंह, शंकर लाल अनुज, आशीष, आशुतोष मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी