कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
देहरादून, 27 मई (हि.स.)। महानगर कांग्रेस की ओर से भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को लोकतंत्र, वैज्ञानिक सोच, शिक्षा और विकास की मजबूत नींव दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों से प्रेरणा लेती रहेंगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि वर्तमान समय में देश को नेहरू की विचारधारा, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके सिद्धांतों पर चलते हुए देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नेहरू के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और देश निर्माण में उनकी भूमिका को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित विभाग मदन लाल, जगदीश धीमन, ललित बद्री, राजेश पुंढ़ीर, जितेंद्र तनेजा, सूरत नेगी, सुनील जैसवाल, रामकुमार थपलियाल, दिनेश कौशल, अभिषेक तिवारी, जसविंदर मूटी, वीरेश शर्मा, अल्ताफ अहमद, जमाल, आदर्श सूद और सूरज छेत्री सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय