भूमि घोटालाें पर श्वेत पत्र जारी करे कांग्रेस पार्टीः रावत
नई टिहरी, 04 नवंबर (हि.स.)। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कांग्रेस पार्टी की धामी हटाओ,जमीन बचाओ यात्रा पर सवाल खड़े किए हैं। कहा कि उत्तराखंड की जमीन और मूल निवासियों के अधिकारों की चिंता करने वाली कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल में भू-घोटालाें का हिसाब देना चाहिए। कहा एनडी तिवारी और हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में सामने आए भूमि आवंटन विवादों, भूमि अधिग्रहण में अनियमितताओं पर उन्हें श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
बुधवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष रावत ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने प्रदेश की जमीनों को सुरक्षित रखने के लिए सख्त भू-कानून लागू किया है। सरकार की इस पहल से कांग्रेस बौखला गई है और राजनीतिक स्वार्थ के लिए जमीन बचाओ यात्रा निकालकर जनता को भ्रमित कर रही है।
तिवारी सरकार में देहरादून के आईएमए के निकट शैक्षणिक संस्था के लिए भूमि आवंटन का मामला, हरीश रावत सरकार में चर्चित एनएच-74 भूमि अधिग्रहण का मामला देश ने देखा है। वर्ष 2012 से 2016 के बीच एनएच भूमि अधिग्रहण में कृषि भूमि को गैर-कृषि भूमि दर्शाकर मुआवजा बढ़ाने की कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया था। पंतनगर, सितारगंज और हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगपतियों को कम कीमत पर भूमि आवंटित किए जाने के आरोप भी उठे थे। उस समय सामाजिक संगठनों ने औद्योगिक भूमि आवंटन की समीक्षा और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की थी। कांग्रेस को इन मामलों पर जनता को जवाब देने चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी