हल्द्वानी में मंच के शुद्धीकरण पर भड़के कांग्रेसी
उत्तरकाशी, 14 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे व सांसद कुमारी शैलजा के भाषण के बाद मंच के कथित शुद्धीकरण को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की है। कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को श्रीदेव सुमन चौक पर सत्याग्रह कर लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सद्भाव के सम्मान की आवाज़ बुलंद की और अपना विरोध जताया।
शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता संगठन के जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत के नेतृत्व में हनुमान चौक में एकत्रित हुए। जहां पर सभी कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे व उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा तथा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के भाषण के बाद मंच का हवन-यज्ञ एवं धुलाई कर कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने की निंदा की और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि यह केवल कांग्रेस नेताओं का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के प्रति गैर जिम्मेदार रवैया है।
कहा कि भाजपा को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में कोई भी राजनीतिक दल या नेता अछूत नहीं होता। विचारों और नीतियों का विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन किसी राजनीतिक कार्यक्रम के मंच को ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धिकरण करना समाज में नफरत और विभाजन की मानसिकता को बढ़ावा देता है। रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे मुद्दों पर जनता के बीच जाकर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा, कमल सिंह रावत, दिनेश गौड़, वरिष्ठ कांग्रेसी सुरेंद्र भट्ट, सूर्य बल्लभ नौटियाल, नवीन सिंह भंडारी , जितम सिंह रावत,सुरेंद्र पाल सिंह,सुदीश पंवार,आदर्श राणा, अनवीर पंवार, भगवान चंद, रमन कठेत, सूरज सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल