कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव में जीत का परचम लहराएगी: शैलजा

 


देहरादून, 17 जून (हि.स.)। दो दिवसीय प्रदेश के दौरे पर बुधवार सुबह देहरादून पहुंचीं कांग्रेस प्रदेश प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सेलजा ने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव में पूरी निष्ठा से जुटने का आह्वान किया।

प्रभारी के साथ एआईसीसी से जिला अध्यक्षों के चुनाव की समिति के समन्वयक प्रभारी चिल्ला वामशी चंद्र रेड्डी भी उपस्थित रहे। बैठक में २७ में से २५ जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक में जिला अध्यक्ष नियुक्ति के बाद से अब तक किए गए कार्यों का ब्यौरा मांगा गया और उस पर चर्चा की गई। पार्टी को मजबूती प्रदान करने से लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में जिला अध्यक्षों ने रिपोर्ट पेश की और आने वाले तीन महीने का रोड मैप भी सौंपा।

बूथ कमेटी पर चर्चा हुई। भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन को कैसे और गति प्रदान करनी है, आगे के कार्यक्रम क्या होंगे पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद प्रभारी ने जिला अध्यक्षों वन टू वन मुलाकात की।

बैठक में अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रदीप टम्टा, क़ाज़ी निजामुद्दीन सहित अन्य विधायक मौजूद रहे। बैठक के दौरान प्रभारी के साथ सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल