बौराड़ी स्टेडियम का कार्य इस माह तक पूरा कर देंः जिलाधिकारी

 

नई टिहरी, 03 नवंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में खेल मैदानों के निर्माण व खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास को लेकर बैठक आयोजित की गई।

मंगलवार हुई बैठक में युवा कल्याण विभाग की ओर से केंद्र पोषित विशेष सहायता योजना में स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि स्वीकृत निर्माण कार्यों में से कुछ कार्य पूरे हो गए हैं, शेषपर कार्य गतिमान हैं। देवप्रयाग के चंद्रबदनी मिनी स्टेडियम में शेड व दर्शकदीर्घा निर्माण, बमाणा में ओपन जिम स्थापना, प्रतापनगर के रैका में खेल मैदान निर्माण, भिलंगना के घनसाली, सांकरी, जाख-नैलचामी व ब्लॉक परिसर में विभिन्न खेल अवस्थापना कार्य, चंबा के तुंगोली, दिखोलगांव, बौराड़ी स्टेडियम, जाखणीधार के मंदार एवं सेमंडीधार, थौलधार के गैर नगुण एवं इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, कीर्तिनगर के बाघसैण मिनी स्टेडियम में निर्माण व विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं।

डीएम नितिका ने कहा कि निर्मित व निर्माणाधीन खेल मैदानों में खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। मैदानों में फेंसिंग, सुरक्षा दीवारों को मजबूत करने को कहा। बैडमिंटन हॉल के अंदर खिलाड़ियों के अनुकूल आकर्षक एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करने वाली चित्रकारी, वॉलपेपर लगान लगाएं। वहीं बौराड़ी स्टेडियम में निर्माणाधीन कार्य को नवंबर माह तक पूरा करें। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, ईई लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता, युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र फोनिया मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी