30वें फागोत्सव के तहत रंगधारण और चीर बंधन

 




नैनीताल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। श्री रामसेवक सभा मल्लीताल में 30वें फागोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को आंवला एकादशी पर रंग धारण एवं चीर बंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आकर्षक रंगोली सजाई गई और पारंपरिक विधि से चीर बंधन किया गया। आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई, जिसमें सभा के सदस्यों के साथ स्थानीय महिलाएं ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ होली गायक मुकेश जोशी ने पारंपरिक होली गायन प्रस्तुत किया, जिसमें गिरीश भट्ट, रक्षित साह और युवराज करायत ने सहयोग दिया। आयोजन में अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक साह, पूर्व महासचिव राजेंद्र लाल साह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश जोशी ‘मंटू’ सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभा के अनुसार 28 फरवरी को बाल कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा।

4 मार्च तक फागोत्सव के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। उधर नयना देवी मंदिर में महिला होली और युगमंच संस्था के तत्वावधान में आयोजित होली महोत्सव के तहत चंपावत से आये होल्यारों ने काली कुमाऊं की पारंपरिक होली प्रस्तुत कर लोक संस्कृति का सुंदर प्रस्तुतीकरण किया एवं होली जुलूस निकाला।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी