सीएमओ-पीएमएस बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं पर मंथन
पौड़ी गढ़वाल, 01 अगस्त (हि.स.)। जनपद की नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मेघना असवाल से शनिवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस),पौड़ी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने, चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान और अस्पतालों में संसाधनों के सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
संघ के अध्यक्ष डॉ.निशांत गर्ग,महासचिव डॉ.सौरभ बोटियाल और सचिव डॉ.विकास सरनालिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं,स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं की कमी, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं में सुधार और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में सुझाव प्रस्तुत किए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों को गंभीरता से सुना और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक एवं प्रभावी प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह