आशा वर्कर्स ने दिया सीएमओ कार्यालय पर धरना
गोपेश्वर, 03 नवम्बर (हि.स.)। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री यूनियन की चमोली जिला ईकाई की ओर से मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएमओ को सौंपा।
यूनियन की जिला संयोजक बीना डिमरी के नेतृत्व में आयोजित धरने में आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि चमोली जैसे पर्वतीय और दुर्गम जनपद में वे कठिन परिस्थितियों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
गर्भवती महिलाओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन और विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कई बार उन्हें लंबी दूरी पैदल तय कर गांवों तक पहुंचना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है। लगातार कार्यभार बढ़ने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
यूनियन ने मांग की कि आशा कार्यकर्ताओं को न्यूनतम 26 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाए। इसके साथ ही लंबित मानदेय और पल्स पोलियो सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत आशाओं को अतिरिक्त भत्ता, यात्रा व्यय, मोबाइल और इंटरनेट सुविधा तथा आवश्यक कार्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
आशाओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव के लिए गर्भवती महिलाओं को लेकर पहुंचने पर रात में रुकने की उचित व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई बार पूरी रात अव्यवस्थाओं के बीच गुजारनी पड़ती है। ऐसे में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आशा कार्यकर्ताओं के लिए रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन में दुर्घटना, गंभीर बीमारी और आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सहायता, बीमा एवं कल्याणकारी कोष बनाने, प्रशिक्षण भत्ता देने तथा कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल रही।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आशाओं की जिला स्तरीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं शासन स्तर से संबंधित मांगों के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की बात कही। धरना स्थल पर 18 से 20 नवंबर को प्रस्तावित सचिवालय कूच में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की सूची भी तैयार की गई।
धरने में बीना डिमरी, शशि कठैत, सरोज देवी, हेमवती पंत, सुमन पंत, मीना मलेथा, राजेश्वरी, शकुंतला, उमा कंडरी, शकुंतला मैखुरी, गीता गोसाईं, शशि सती, मंजू नेगी, दुर्गा देवी, मंगला देवी समेत सीटू के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, जिला महामंत्री जितेंद्र मल, कोषाध्यक्ष धीरज नेगी, उपाध्यक्ष मदन मिश्रा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल