रामनवमी पर प्रदेशभर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं

 






देहरादून, 26 मार्च (हि.स.)। प्रदेशभर में नवरात्र का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों और घरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान श्रीराम का पूजन-अर्चन करने के साथ ही कन्या पूजन की परंपरा भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ निभाई गई। मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का दौर जारी है। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दी हैं।

गुरुवार काे प्रातःकाल से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भजन-कीर्तन, रामायण पाठ और विशेष पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया गया। अनेक स्थानों पर शोभायात्राएं और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किये गये। घरों और मंदिरों में श्रद्धालुओं ने कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण पखारे, तिलक लगाया और विधिपूर्वक पूजन किया। कन्याओं को भोजन कराकर उन्हें उपहार एवं दक्षिणा भेंट की गई। इस दौरान परिवारों ने सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रामनवमी के माैके पर राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म और मर्यादा का प्रतीक है, जिनके आदर्शों का अनुसरण कर समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री धामी ने भी प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श चरित्र हमें जीवन में धैर्य, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सद्भाव, शांति और भाईचारे को मजबूत करें। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने आवास पर परिवार सहित विधि-विधान से कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने नौदुर्गा स्वरूपा कन्याओं का सम्मानपूर्वक पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कैबिनेट मंत्री ने कन्याओं के चरण पखारकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई तथा विधिपूर्वक आरती उतारी। श्रद्धा भाव से कन्याओं को भोजन भी कराया गया। मंत्री ने कन्याओं को दक्षिणा एवं उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

त्योहार को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय