48 स्थानों पर चला स्वच्छता अभियान, एकल प्रयोग प्लास्टिक और कूड़ा-कचरा हटाया

 


नैनीताल, 11 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद में चल रहा वृहद स्वच्छता अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। विकासखंडों, ग्राम पंचायतों तथा नगरीय एवं वन क्षेत्रों में अभियान चलाकर 48 स्थानों से सिंगल यूज यानी एकल प्रयोग प्लास्टिक, ठोस अपशिष्ट और अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया।

जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों के साथ वन एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसहयोग से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों, नदी तटों एवं जलस्रोतों को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाए रखना है। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों एवं उनके आसपास फैले कूड़े-कचरे तथा ठोस अपशिष्ट को एकत्र किया गया। विभिन्न जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं अभियान में शामिल लोगों ने श्रमदान कर नदी और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान ग्रामीणों को नदी एवं जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा नहीं डालने तथा प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी