गैस आपूर्ति बाधित होने पर सिटी मजिस्ट्रेट का निरीक्षण,
हल्द्वानी, 26 मार्च (हि.स.)। शहर में पिछले कई दिनों से इंडियन गैस की आपूर्ति बाधित रहने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने इंडियन गैस के गोदामों और कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद प्रशासनिक हस्तक्षेप से कुछ क्षेत्रों में गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई। छड़ायल,कुसुमखेड़ा और पालीकोठी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई, जिससे कई दिनों से इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं को राहत मिली।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि इंडियन गैस की आपूर्ति कुमाऊं मंडल विकास निगम और निजी गैस एजेंसियों के माध्यम से की जाती है। तकनीकी और प्रबंधन संबंधी दिक्कतों के चलते आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता