गाेरसाड़ा गांव के इंद्रमणि नाैटियाल की साऊदी अरब से भारत वापसी काे करेंगे सहयाेग

 


नई टिहरी, 23 अगस्त (हि.स.)। बीते करीब 8 वर्षों से सऊदी अरब में फंसे उत्तरकाशी जिले की गाजणा पट्टा के गोरसाडा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के लिए जलकुर घाटी जन विकास समिति सितम्बर माह में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करेगी। जिससे उनके सकुशल घर वापसी हो सके। समिति ने स्थानीय लोगों और सभी ग्राम पंचायतों से उनके लिए अधिकाधिक धनराशि एकत्रित करने की अपील की है।

रविवार को कौडार में समिति अध्यक्ष गुलाब सिंह पंवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज के ज्वलंत मुद्दों के लिए समिति हमेशा संघर्षरत रहेगी। कहा टिहरी बांध बनने के बाद प्रतापनगर क्षेत्र शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है।

समिति सितम्बर में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन, बेरोजगारी और क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विचार-विमर्श करेगी। वहीं सऊदी अरब में फंसे नौटियाल की वतन वापसी के लिए समिति पूरा सहयोग करेगी। कहा कि नौटियाल की पुत्री दीपिका के आह्वान सबसे पहले लंबगांव व्यापार मंडल ने सहयोग धनराशि दी। जिसके बाद अब कई गांव इसमें सहयोग दे रहे हैं।

रविवार को भेलुंता गांव की ओर से नौटियाल परिवार को 1.67 लाख रूपये, गढ़वाल रीजन कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने 21 हजार रूपये की धनराशि का सहयोग दिया। प्रतापनगर के दो दर्जन से अधिक गांवों ने आर्थिक सहयोग किया है। इस मौके पर अब्बल सिंह रावत, हेमराज राणा, नरेंद्र कैंतुरा, महावीर भंडारी, नरेंद्र चमोली, रामभरोसे राणा मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी